बुवाई से पहले नैनो डीएपी से करें बीज उपचार और बढ़ाएं उत्पादन

पोस्ट -25 जून 2025 शेयर पोस्ट

कृषि विभाग की अपील : अंकुरण से लेकर बेहतर उत्पादन के लिए नैनो डीएपी से बीजोपचार करें 

Nano DAP Fertilizer : किसानों को बेहतर उत्पादन और फसल को विभिन्न कीट-रोगों से सुरक्षित रखने के लिए बीज बुआई से पहले बीजों का उपचार करना बेहद जरूरी है। लेकिन अक्सर देखा गया है कि कई किसान बिना बीज उपचार किए ही सीधे बीज की बुवाई कर देते हैं, जिससे उनकी फसल की उत्पादकता पर नकारात्मक असर पड़ता है। बीज का उपचार न करने से बीजों का अंकुरण कमजोर हो सकता है और फसल की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी घट जाती है, इससे उत्पादन में भारी गिरावट भी आ सकती है। इन पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए मध्य प्रदेश स्थित सीहोर कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस बार फसलों में नैनो डीएपी (तरल) का उपयोग जरूर करें। कृषि विभाग ने बीज उपचार के लिए नैनो डीएपी तरल (Nano DAP Liquid) का उपयोग करने का तरीका भी बताया है। किसान इन सरल और प्रभावी तरीकों को अपनाकर न केवल बीजों का बेहतर अंकुरण सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि फसलों से गुणवत्तापूर्ण अधिक उत्पादन भी प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि कृषि विभाग, सीहोर द्वारा फसलों में नैनो डीएपी तरल (Nano DAP Liquid) के प्रयोग को लेकर किसानों को क्या सलाह दी गई है। 

नैनो डीएपी (तरल) : फसल की शुरुआत से ही अच्छी बढ़वार (Nano DAP (Liquid) : Good growth of the crop right from the beginning)

कृषि विभाग के मुताबिक, फसलों में नैनो डीएपी (तरल) का सही तरीके से उपयोग कर किसान बेहतर अंकुरण दर, तेज वृद्धि और अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। बुवाई से पहले बीज उपचार से लेकर पौधों पर छिड़काव तक नैनो डीएपी तरल (Nano DAP Liquid) प्रयोग को अपनाना किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। यह तरल डीएपी उर्वरक न केवल फसल को तुरंत आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराता है, बल्कि फसल की उत्पादकता, मजबूत जड़ विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बेहतर करता है। कृषि विभाग की किसानों को सलाह है कि अगर वे बीज बुवाई से पहले नैनो डीएपी (Liquid) का प्रयोग करें, तो फसल की शुरुआत से ही अच्छी बढ़वार सुनिश्चित हो सकती है। 

क्या है नैनो डीएपी (तरल) ? (What is Nano DAP(Liquid))?

सीहोर कृषि विभाग के अनुसार, नैनो डीएपी तरल (Nano DAP Liquid) एक तरल डीएपी उर्वरक है। इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड (इफको) का यह उत्पाद सभी फसलों के लिए उपलब्ध नाइट्रोजन (N) और फास्फोरस (P2O5) का एक कुशल स्त्रोत है। यह फसलों में नाइट्रोजन और फास्फोरस की कमी को पूरा करता है। नैनो डीएपी फॉर्मूलेशन में 8 प्रतिशत नाइट्रोजन (8.0% N w/v) और 16 प्रतिशत फास्फोरस (16.0% N w/v) होता है। अन्य उर्वरकों की तुलना में नैनो डीएपी (तरल) के कण 100 नैनोमीटर (nm) से भी कम आकार के होते हैं। इसका यह अनूठा गुण इसे इसे बीज की सतह के अंदर या पौधों की पत्तियों के रंध्रों (स्टोमेटा) और अन्य पौधों के छिद्रो के माध्यम से आसानी से प्रवेश करने में सक्षम बनाती है। नैनो डीएपी तरल (Nano DAP Liquid) पारंपरिक उर्वरकों की तुलना में पौधों में तेजी से अवशोषित हो जाते हैं। 

नैनो डीएपी तरल के क्या फायदे हैं? (What are the advantages of Nano DAP Liquid)?

कृषि विभाग के उप-संचालक ने बताया कि नैनो डीएपी तरल से बीज उपचार करने तथा फसलों में इसका उपयोग किसानों को विभिन्न फायदे पहुंचाते हैं, जो निम्न प्रकार से हैं:

  • समय पर पोषक तत्व की आपूर्ति : बीज अंकुरण के तुरंत बाद पौधों को पोषक तत्वों की सबसे अधिक आवश्कता होती है, जो नैनो डीएपी (Liquid) के उपयोग से समय पर और प्रभावी रूप से पूरी हो जाती है।
  • पौधे की वृद्धि में सुधार : नैनो डीएपी (Nano DAP) तरल के उपयोग से पौधे को तुरंत आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं, जिससे जड़ें तेजी से बढ़ती है और पौधे की संपूर्ण वृद्धि में भी सुधार होता है। 
  • रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि : नैनो डीएपी तरल के प्रयोग से पौधों में जड़ों की संख्या में वृद्धि होती है, जो नमी की कमी होने पर पौधे की सूखा सहन करने की क्षमता बढ़ाता है और पौधे की रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी वृद्धि करता है। 
  • उत्पादन में सुधार : नैनो डीएपी तरल के उपयोग से पौधों की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होने से उत्पादन में सुधार के साथ फसल की गुणवत्ता भी बढ़ती है।

किसान कैसे करें नैनो डीएपी तरल का उपयोग? (How farmers can use Nano DAP liquid)?

कृषि विभाग उप-संचालक के मुताबिक, नैनो डीएपी तरल को फसल उत्पादन के लिए 3 तरीकों से उपयोग किया जा सकता हैं, जिसकी जानकारी नीचे इस निम्नलिखित प्रकार से है :-

  • बीजोपचार के लिए नैनो डीएपी (तरल) उपयोग : बीजों के उपचार के लिए 3-5 मिली. नैनो डीएपी तरल को प्रति 1 किलोग्राम बीज के हिसाब से पानी में घोल बनाकर 20 से 30 मिनट के लिए बीज को इसमें भिगोएं, फिर छाया में सुखाकर बुवाई करें। इससे बीज अंकुरण क्षमता और फसल उत्पादन में सुधार होता हैं।
  • जड़ या कंद का उपचार : किसान Nano DAP Liquid का 3-5 मिली. प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर जड़ या कंदों का उपचार करें। 
  • पत्तों पर छिड़काव : नैनो डीएपी का पत्तों पर छिड़काव किसान दो बार कर सकते हैं। पहला छिड़काव, जब फसल में पत्तियां या शाखाएं आने की अवस्था में हों 2-4 मिली प्रति लीटर पानी में और दूसरा छिड़काव फूल आने से पहले करें।

Website - TractorGuru.in
Instagram - https://www.instagram.com/tractorguru.in/
Facebook - https://www.facebook.com/tractorguruin

`

Quick Links

Popular Tractor Brands

Most Searched Tractors