Fourth Agricultural Road Map : किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार द्वारा कई तरह की योजनाओं को आरंभ किया जा रहा है, जिनके तहत कृषि रोड मैप तैयार कर राज्य के कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों का विस्तार सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। वहीं, सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त के लिए किसानों को इन योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया जाता है, ताकि वे खेती से बेहतर उत्पादन कर अच्छी आय हासिल कर सके। इस कड़ी में बिहार में पिछले वर्ष 2023 से चौथा कृषि रोड मैप के तहत कृषि विकास का कार्य जारी है। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार के दिन अपने आवास में चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में रिमोट से 811 करोड़ रुपए की लागत वाली 20 योजनाओं का आरंभ एवं शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कृषि ज्ञान वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि कृषि ज्ञान वाहनों से किसानों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों के लिए कॉल सेंटर की सुविधा भी चालू की गई है। राज्य के किसान अब 18001801551 या 1551 पर कॉल करके विशेषज्ञों से समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। वहीं, किसानों की समस्याओं के उचित समाधान हेतु पदाधिकारियों, कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों से टेली कान्फ्रेंसिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
राज्य में चौथा कृषि रोड मैप कार्यरत है। इसके तहत राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चार कृषि ज्ञान वाहन को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्य के कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि किसानों को कृषि ज्ञान वाहन के माध्यम से कृषि की सूचना और उनकी समस्याओं का समाधान सीधा उनके घर पर ही किया जाएगा। कृषि ज्ञान वाहनों से किसानों को कृषि के साथ पशुपालन से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। इस वाहन से सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किसानों एवं लोगों को जागरूक किया जाएगा। किसानों के ज्ञानवर्द्धन के लिए तकनीकी चलचित्रों (फिल्म) का प्रदर्शन किया जाएगा। कृषि प्रसार साहित्य के तहत किसानों काे लोक शिक्षण दिया जाएगा। कृषि ज्ञान वाहनों की मदद से मिट्टी जांच हेतु सैंपल के संग्रहण की सुविधा दी जाएगी। किसानों को फसल विशेष के लिए उर्वरक व्यवहार की मात्रा, कीट-व्याधि सहित खरपतवार की पहचान और उसके प्रबंधन की जानकारी, सभी प्रकार के खाद्यान्न व बागवानी फसलों, पशु-पक्षी संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इन ज्ञान वाहनों से किसानों की समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा उचित समाधान की बेहतर सुविधाएं दी जाएगी।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट के माध्यम से किसानों के लिए 20 योजनाओं का आरंभ और शिलान्यास किया। इनमें किसान कॉल सेंटर, आत्मा योजना, राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र की घेराबंदी, कृषि प्रसार योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना, प्रति बूंद अधिक फसल योजना, बिहार पोषक अनाज (मिलेट्स) विकास योजना, बिहार मक्का विकास योजना, मधुमक्खी पालन एवं मधु उत्पादन कार्यक्रम, बीज ग्राम योजना, धान बीज वितरण कार्यक्रम, केला क्षेत्र विकास योजना, प्याज, मखाना और अन्य उत्पादों के भंडारण, जैविक खेती प्रोत्साहन योजना अंर्तगत ढैंचा बीज वितरण, पान विकास योजना, मशरूम किट का वितरण व झोपड़ी में मशरूम उत्पादन योजना और उद्यानिक क्लस्टर विकास योजना आदि से संबंधित 811 करोड़ रुपए की लागत की कुल 20 योजनाएं शामिल हैं।
कृषि विभाग के सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में राज्य में चतुर्थ कृषि रोड मैप की शुरूआत की गई, जिसके तहत कृषि विभाग द्वारा प्रथम चरण में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना तथा बिहार कृषि प्रबंधन और प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना द्वारा कृषि एवं पशुपालन संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी नवीनतम जानकारी और आवश्यक कृषि मदद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि ज्ञान वाहन विकसित किया गया है। कृषि ज्ञान वाहनों से किसानों को कृषि उपादानों यथा बीज, जैविक खाद, तरल बायो फर्टिलाइजर समेत मशरूम स्पॉन आदि उपलब्ध कराया जाएगा।
Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page
कृषक उन्नति योजना: 31 अक्टूबर तक कराएं पंजीकरण, मिलेंगे ₹15,000 प्रति एकड़
बिहार में ट्रैक्टर समेत 86 कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, 30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
PM-RKVY और कृषोन्नति योजना के तहत ₹1,183 करोड़ जारी
कीट नियंत्रण ट्रैप पर किसानों को मिलेगी 75% की सब्सिडी
कुफरी जामुनिया आलू की खेती कैसे करें? जानें उपज और विशेषताएं
Which Tractor is Best for Black Cotton Soil: Massey Ferguson 241 DI or Eicher 380?