Search Tractors ...
search
ट्रैक्टर समाचार सरकारी योजना समाचार कृषि समाचार कृषि मशीनरी समाचार मौसम समाचार कृषि व्यापार समाचार सामाजिक समाचार सक्सेस स्टोरी समाचार

मौसम अपडेट : असम-मेघालय समेत कई राज्यों में बढ़ेगी सर्दी, इन इलाकों में छाएगा घना कोहरा

मौसम अपडेट : असम-मेघालय समेत कई राज्यों में बढ़ेगी सर्दी, इन इलाकों में छाएगा घना कोहरा
पोस्ट -09 दिसम्बर 2023 शेयर पोस्ट

उत्तर भारत में बढ़ने वाली है कड़ाके की ठंड, देश के इन राज्यों में छाएगा कोहरा, जानें अपने राज्य का हाल

Weather Update : बीते दिन बंगाल की खाड़ी से तैयार हुए मिचौंग चक्रवाती तूफान ने तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश से सटे इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। वहीं, हरियाणा के आस-पास निचले और मध्य क्षोभमंडल में चक्रवाती सर्कुलेशन के रूप में संकेन्द्रित पश्चिमी विक्षोभ एवं दक्षिणी छत्तीसगढ़ एवं संलग्न विदर्भ के ऊपर चक्रवात के अवशेष स्वरूप निचले क्षोभमंडल में संकेन्द्रित चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव से बीते दिनों पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई थी। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि एवं घना कोहरा छाने की संभावना है। 

New Holland Tractor

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिणपूर्व अरब सागर और निकटवर्ती मालदीव क्षेत्र पर एक चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 4 से 5 दिनों के दौरान पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों में गरज एवं बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटों के दौरान छिटपुट भारी बारिश संभव है। आइए, जानते हैं कि अगले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों का मौसम कैसा रहने वाला है। 

कमजोर पश्चिमी विक्षोम पश्चिमी हिमालय को करेगा प्रभावित 

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, पूर्वी बांग्लादेश और उससे सटे इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। जिसके प्रभाव के चलते 11 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। जिससे लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में छिटपुट बर्फबारी या बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की, मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है। पूर्वी उत्तर प्रदेश बिहार और पूर्वोत्तर भारत में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।

इन इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना

मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान देश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम की यह घटना इन हिस्सों में दृश्यता एवं वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटों से अगले 2 दिनों तक  असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाएगा, जिससे कुछ स्थानों पर विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम हो सकती है। इससे सड़क, रेल एवं हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय सावधान रहने को कहा है। खासकर वाहन चलाते वक्त, क्योंकि घना कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित होती है। 

आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 दिनों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इसके बाद मौसम में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने का अनुमान है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे कुछ स्थानों पर शीत लहर चल सकती है और ठंड बढ़ने से लोगों को परेशानी हो सकती है। 

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मिचौंक चक्रवात तूफान के कमजोर पड़ने से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां रुक गई है। आने वाले दिनों के लिए प्रदेश के किसी भी इलाके में बारिश न होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, आगामी दिनों में प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे  रहने की संभावना है, जिससे कुछ हिस्सों में रात के समय ठंड बढ़ सकती है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में रात के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रहने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से 2 -3 डिग्री नीचे रह सकता है। हालांकि, दिन में धूप खिली रहने से लोगों को बढ़ती ठंड से थोड़ी बहुत राहत रहेगी। 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,  राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, शाहजहांपुर, अलीगढ़, आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, इटावा, मुरादाबाद, नजीबाबाद और बरेली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके अतिरिक्त नोएडा, गाजियाबाद, आजमगढ़, सहारनपुर, हरदोई, हापुड़, कन्नौज, बाराबंकी और गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

Website - TractorGuru.in
Instagram - https://bit.ly/3wcqzqM
FaceBook - https://bit.ly/3KUyG0y

Call Back Button

क्विक लिंक

लोकप्रिय ट्रैक्टर ब्रांड

सर्वाधिक खोजे गए ट्रैक्टर