टॉप 5 कृषि मशीन: खेती कार्य होंगे आसान, किसानो को मिलेगा अधिक मुनाफा

पोस्ट -06 अप्रैल 2023 शेयर पोस्ट

खेती किसानो के लिए टॉप-5 कृषि यंत्र, खेती कार्यों में मिलेगी भरपूर मदद

खेती-किसानी में नई-नई कृषि मशीनें किसानों के लिए भरपूर मददगार साबित हो रही है। इन नई तकनीक की मशीनों द्वारा फसलों की बुवाई से लेकर निराई-गुड़ाई, कीटनाशक छिड़काव, फसलों की कटाई और गहाई का कार्य अब कम समय में किसान कर लेते हैं। इन मशीनों को आम किसान तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी कई योजनाएं संचालित करती है। सरकार और कृषि वैज्ञानिकों के इन प्रयासों की बदौलत आज किसान अलग-अलग मशीनों का इस्तेमाल कर आधुनिक खेती करके अपनी आय को बढ़ाकर देश के आर्थिक विकास में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में आज हम हमारे देश के किसान भाईयों के लिए खेती से जुड़ी 5 ऐसी बेहतरीन कृषि मशीनों की जानकारी लेकर आए हैं, जिनकी मदद से खेतों में बुवाई से लेकर निराई-गुड़ाई और खाद एवं अन्य पोषक तत्वों का छिड़काव जैसे तमाम छोटे-बड़े कृषि कार्य कम समय में कर सकते हैं। आइए ट्रैक्टर गुरु की इस पोस्ट के माध्यम से इन टॉप 5 कृषि मशीनों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

कंबाइन हार्वेस्टर (Combine harvester)

जैसा कि हम सब जानते हैं अभी देश के हर हिस्से में रबी फसलों में गेहूं की कटाई और गहाई कार्य तेजी से चल रहा है। गेहूं की कटाई के लिए छोटे एवं मध्यम वर्ग के किसानों द्वारा अलग-अलग प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों में हसिया, दरात, वर्टिकल कन्वेयर रीपर, स्वचालित रीपर बाइंडर मशीन का उपयोग किया जा रहा हैं। परंतु बड़े और मध्यम भूमि पर खेती करने वाले किसानों का इससे काम नहीं चलता। ऐसे में इनके लिए कंबाइन हार्वेस्टर मशीन एक बेहद उपयोगी कृषि मशीन है। इस मशीन की मदद से परंपरागत रूप से फसलों की कटाई में लगने वाले कई दिनों के कार्य को महज कुछ ही घंटों में पूरा कर लिया जाता है। कंबाइन हार्वेस्टर कृषि मशीन एक हैवी-ड्यूटी हार्वेस्टर मशीन है, जिसकी मदद से धान, सोयाबीन, गेहूं, चना, सूरजमुखी, मक्का, सरसों आदि फसलों की कटाई एवं गहाई एक साथ की जा सकती है। आज बाजार में विभिन्न कंपनियों के छोट और बड़े किफायती रेंज के कई आधुनिक हैवी- ड्यूटी कंबाइन हार्वेस्टर उपलब्ध है, जिन्हें आप अपनी जरूरतों के हिसाब से ले सकते हैं। अनाज क्रॉपर्स का कटाई में उपयोग कर पैसों की बचत कर सकते हैं। कंबाइन हार्वेस्टर के बारे में अधिक जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें। 

कली रोपण मशीन

आज हम गन्ना की खेती करने वाले किसान भाईयों के लिए एक ऐसे कृषि यंत्र की जानकारी लेकर आए हैं, जो खेत में गन्ने की रोपाई और कवकनाशी दवाओं के छिड़काव से संबंधित बड़े-छोटे कार्यों को आसानी से निपटा देती है। किसान भाईयों की गन्ना खेती में लगने वाली कड़ी मेहनत को ध्यान में रखते हुए हमारे कृषि वैज्ञानिकों ने इस बेहतरीन कली रोपण कृषि मशीन को तैयार किया है। इस मशीन को चलाना बेहद सरल है, इसे ट्रैक्टर के पीछे जोड़कर खेत में चलाया जाता है। इस मशीन में दो पंक्ति मौजूद होती है, जिसमें पहली कली रोपण और दूसरी सेंसर आधारित कवकनाशी पंक्ति है। वहीं इस मशीन में गन्ने का फीडिंग सिस्टम, गन्ने की कलियों की पहचान के लिए विजन सिस्टम एवं गन्ने की कलियों की कटाई करने के लिए भी मेकाट्रॉनिक्स सिस्टम जैसे कई फीचर्स भी है। यह मशीन किसानों के बजट के अनुकूल है। किसान भाई इस मशीन की मदद से गन्ने की खेती में रोपाई एवं कवकनाशी दवाओं के छिड़काव के कार्य में पैसा और समय दोनों की बचत कर अधिक पैदावार भी प्राप्त कर सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि गन्ना एक नकदी फसल है। इसकी खेती भारत में व्यापक रूप से लगाई जाती है। हमारे किसान भाईयों द्वारा गन्ने की खेती परंपरागत तरीकों से की जाती है, जिसमें उनकी  मेहनत, समय और लागत तीनों अधिक लगती है। 

वीएसटी शक्ति एमटी 932 डीआई ट्रैक्टर

वीएसटी शक्ति एमटी 932 डीआई 4डब्ल्यूडी ट्रैक्टर वीएसटी टिलर्स ट्रैक्टर्स ब्रांड का एक नवीन और दमदार मॉडल है। कंपनी ने इसे एडवांस फीचर्स के साथ कृषि बाजारों में किसानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए उतारा है। यह ट्रैक्टर दिखने में काफी आकर्षक और दमदार है। इसका रोबोटिक लुक किसानों द्वारा अत्यधिक पसंद किया जाता है। इस ट्रैक्टर मॉडल के साथ कंपनी 7-10 टाइन वाला कल्टीवेटर किसानों को ऑफर करती है। वीएसटी टिलर्स ट्रैक्टर्स ब्रांड का यह ट्रैक्टर 30 एचपी रेंज का ट्रैक्टर है, जो 30 से भी अधिक स्मार्ट फीचर्स के साथ आता है। देश में वीएसटी टिलर्स ट्रैक्टर्स पांच दशकों से अधिक समय से टिलर और कॉम्पैक्ट ट्रैक्टरों के निर्माण में अग्रणी है। वीएसटी शक्ति एमटी 932DI ट्रैक्टर की अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।

ई-प्राइम मूवर मशीन (E-Prime Mover Machine)

अक्सर देखा गया है कि फसलों की देख-भाल के दौरान किसानों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसा अक्सर गन्ना और बागवानी किसानों के साथ पाया जाता है। किसानों की इन्हीं दिक्कतों को दूर करने के लिए हम उनके लिए ई-प्राइम मूवर कृषि मशीन (E-Prime Mover Machine) की जानकारी लेकर आए हैं। इस मशीन की मदद से किसान गन्ना खेतों में निराई-गुड़ाई से लेकर कीटनाशक के छिड़काव सहित अन्य छोटे-बड़े कार्य आसानी से कर सकते हैं। यह मशीन बैटरी संचालित है और यह सौर ऊर्जा से भी चलती है। इस मशीन में डैशबोर्ड बैटरी मॉनिटरिंग सिस्टम, इमरजेंसी स्टॉप स्विच, डिजिटल स्पीड इंडिकेटर्स, लोड करंट और वोल्टेज मॉनिटरिंग सिस्टम एवं सेफ्टी स्विच जैसे कई बेहतरीन फीचर्स है। ई-प्राइम मूवर मशीन की मदद से खेतों में बिना रुके लगभग 5 घंटे तक निराई-गुड़ाई व कीटनाशक के छिड़काव का कार्य सरलता से कर सकते हैं। यह मशीन करीब 1.5 से 2 क्विंटल तक वजन उठाकर ले जा सकती है। ई-प्राइम मूवर मशीन फुल चार्ज होने में लगभग 3 घंटे का समय लेती है। ई-प्राइम मूवर मशीन की कीमत किसानों के बजट में मौजूद है। यह बाजार में करीब 3.10 लाख रुपए की कीमत पर उपलब्ध है। यदि आप इस मशीन को बिना सौर पैनल के लेते हैं, तो आपको इसके लिए करीब 1.80 लाख रुपए तक चुकाने होंगे।

हैप्पी सीडर मशीन (Happy Seeder Machine)

खेती-किसानी में किसानों की मुख्य समस्या फसलों के अवशेषों का निपटारा करना होता है। यह समस्या अक्सर धान फसल की कटाई के वक्त ज्यादा होती है। क्योंकि अगली फसल की बुवाई के लिए खेत को तैयार करने के दौरान पराली काे किसानों द्वारा बड़े लेवल पर जलाया जाता है। किसानों की इसी समस्या का सबसे बड़ा समाधान बनकर निकला है हैप्पी सीडर मशीन। यह बेहद उपयोगी मशीन है, जो धान की कटाई के बाद खेत से बिना पराली हटाए सीधी जुताई करते हुए गेंहू की बुआई करने का काम सरलता से करता है। यानी यह गेहूं की बुवाई जीरो टिलेज विधि से करता है।  

हैप्पी सीडर मशीन (Happy Seeder Machine) खेत में पराली निकाले बिना ही फसलों की सीधी बुआई कर सकता है, जिससे किसानों की खेती की तैयारी में लगने वाली लागत एकदम कम होती है। इसके साथ ही खेत में पराली की जुताई के बाद यह पराली मिट्टी में खाद का काम करती है। इस मशीन में आगे की तरफ रोटावेटर यूनिट होती है, जो मिट्टी की एक समान पंक्ति में जुताई का काम करती है। वहीं, इसकी के पीछे की ओर जीरो ट्रेलर लगा होता है, जो गेहूं फसल में बीजों की बुआई का काम करता है। हैप्पी सीडर मशीन को 35 एचपी से अधिक के पावर के डुअल या डबल क्लच के ट्रैक्टर से अटैचमेंट कर चलाया जा सकता है। यह मशीन किसानों के लिए डबल मुनाफा देने वाली मशीन है, क्योंकि मशीन फसलों की बुआई सुनिश्चित दूरी और गहराई में करती है। इससे किसानों को फसलों की देख-भाल में कोई परेशानी नहीं आती है। हैप्पी सीडर मशीन की कीमत बाजार में उनके साइज के अनुसार अलग-अलग है। सामान्य हैप्पी सीडर मशीन की कीमत बाजार में लगभग 3 लाख रुपए तक हो सकती है। 
 

Website - TractorGuru.in
Instagram - https://bit.ly/3wcqzqM
FaceBook - https://bit.ly/3KUyG0y

`

Quick Links

Popular Tractor Brands

Most Searched Tractors