देशभर में खरीफ फसलों की कटाई के साथ ही रबी सीजन की बुवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इसे देखते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रबी सीजन की तैयारियों और मौसम के कारण खराब हुई फसलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, कम पानी वाले क्षेत्रों में चना, सरसों और मसूर जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जाए।
कृषि मंत्री ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का जल्द आकलन करने और उन्हें समय पर राहत देने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया।
कृषि मंत्रालय के अनुसार, रबी सीजन के लिए यूरिया, डीएपी, एमओपी और एनपीके खाद के साथ प्रमाणित बीजों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सरकार राज्यों के साथ मिलकर खाद और बीज की आपूर्ति पर काम कर रही है, ताकि इन्हें जिला स्तर तक समय पर पहुंचाया जा सके और किसानों को बुवाई के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि देशभर में खरीफ फसलों की कटाई का काम जारी है। मूंग और सोयाबीन जैसी प्रमुख फसलों की कटाई अब अंतिम चरण में है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ फसलों की कटाई के बाद खेतों में बची नमी का सही इस्तेमाल करते हुए रबी फसलों की बुवाई जल्द शुरू कराई जाए। इसके अलावा, आने वाली चक्रवाती बारिश से खेतों में बनने वाली नमी का फायदा उठाने के लिए पहले से योजना तैयार करने को कहा, ताकि किसान समय पर रबी फसलों की बुवाई कर सकें।
जिन इलाकों में सिंचाई के लिए पानी कम उपलब्ध है, वहां किसानों को कम पानी और कम लागत में तैयार होने वाली फसलों की खेती करने की सलाह दी गई है। इनमें चना, सरसों, मसूर और क्षेत्र के अनुसार उपयुक्त मोटे अनाज की फसलें शामिल हैं।
इसके अलावा, तापमान में बदलाव को देखते हुए कृषि मंत्री ने किसानों तक ऐसी उन्नत किस्मों के बीज पहुंचाने पर जोर दिया, जो बदलते मौसम का सामना कर सकें और अधिक गर्मी में भी अच्छी पैदावार दे सकें। ये किस्में वैज्ञानिकों द्वारा विकसित की गई हैं।
बैठक में रबी सीजन के लिए खाद और उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्रालय के अनुसार, रबी फसलों की बुवाई के लिए जरूरी खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुवाई के समय किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े। इसके लिए राज्यों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाए। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध खाद के स्टॉक को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग जिलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।
बैठक में ज्यादा बारिश, बाढ़, सूखा और चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान पर भी चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुश्किल समय में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उन्हें राहत देने में किसी तरह की देरी न हो।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (NDRF) के तहत किसानों को सहायता देने के लिए फसलों के नुकसान का जल्द आकलन किया जाए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित दावों का भुगतान प्राथमिकता से किया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक मदद मिल सके।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मंडियों में कई प्रमुख फसलों के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से ऊपर चल रहे हैं। इनमें धान, गेहूं, मक्का, चना, मसूर, अरहर, सोयाबीन और सरसों शामिल हैं। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने पर MSP से ज्यादा कीमत मिल रही है और उन्हें उपज का अच्छा दाम मिल रहा है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रबी सीजन की तैयारियों और किसानों से जुड़ी समस्याओं की हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकारों और मुख्यमंत्रियों से सीधे बातचीत की जाएगी, ताकि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।
इस बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव अतीश चंद्रा सहित कृषि मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page
यूपी के किसानों के लिए खुलेंगे विदेश में खेती के रास्ते, केन्या में लीज पर मिलेगी जमीन
किसानों के लिए बड़ी खबर! सोयाबीन और मक्का मंडियों को लेकर नया फैसला।
हरियाणा में गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल, जानें नए रेट कब से लागू होंगे
हरियाणा के किसानों को बड़ी राहत! सत्यापन अटका तो भी मंडी में बिकेगा धान
Best 5 Eicher Tractors for Small to Large Farms: HP, Price & Features
तमिलनाडु में महिलाओं को मुफ्त मिलेंगी दुधारू गायें, 57 करोड़ मंजूर
किसान ने 4 एकड़ में उगाई अदरक, 5 साल में कमाए 50 लाख रुपये
The top choice for farmers in India. Check prices and explore exclusive offers now!