क्या है ट्रैक्टर की PTO HP पावर? जानिए खेती में इसका महत्व

पोस्ट -10 जुलाई 2026 | Author: Anil Yadav शेयर पोस्ट

आमतौर पर जब किसान नया ट्रैक्टर खरीदने की योजना बनाते हैं, तो उनकी नजर सबसे पहले उसकी हॉर्सपावर (HP), कीमत और माइलेज पर जाती है। हालांकि एक और महत्वपूर्ण तकनीकी पहलू है, जो ट्रैक्टर के वास्तविक प्रदर्शन और कार्यक्षमता को काफी हद तक प्रभावित करता है, वह है PTO (Power Take-Off) पावर। कृषि उपकरणों के बढ़ते उपयोग के दौर में इसका महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। 

अगर PTO  पावर पर्याप्त नहीं है, तो रोटावेटर, रीपर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर, सीड ड्रिल और स्प्रेयर जैसी आधुनिक मशीन या उपकरण अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाएंगे। इसलिए ट्रैक्टर खरीदते समय केवल HP और माइलेज ही नहीं, बल्कि PTO पावर को भी ध्यान में रखना जरूरी है। आइए जानते हैं कि पीटीओ पावर (PTO Hp) क्या होती है, खेती में इसकी क्या भूमिका है और ट्रैक्टर खरीदते समय इस पर ध्यान देना क्यों महत्वपूर्ण है।

क्या होती है ट्रैक्टर की PTO पावर?

अक्सर किसान ट्रैक्टर खरीदते समय PTO पावर पर ज्यादा ध्यान नहीं देते, जबकि यह ट्रैक्टर का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। PTO (Power Take-Off) ट्रैक्टर की वह प्रणाली है, जो इंजन की शक्ति को कृषि उपकरणों तक पहुंचाने का काम करती है। ट्रैक्टर के पीछे लगी PTO शाफ्ट के माध्यम से रोटावेटर, थ्रेशर, स्ट्रॉ रीपर, स्प्रेयर और वाटर पंप जैसे विभिन्न इम्प्लीमेंट्स संचालित किए जाते हैं।

सरल शब्दों में कहें तो ट्रैक्टर इंजन जितनी पावर जनरेट करता है, यह उसका एक हिस्सा PTO शाफ्ट के जरिए कृषि उपकरणों तक पहुंचता है। इसी शक्ति को PTO पावर या PTO Hp कहा जाता है।

खेती में PTO (Power Take-Off) की क्या भूमिका है

खेती में पीटीओ (Power Take-Off) की भूमिका को अगर आसान भाषा में समझें, तो यह ट्रैक्टर की वह प्रणाली है, जो उसे केवल खेत में खींचने वाला वाहन नहीं, बल्कि कई इम्प्लीमेंट (कृषि उपकरणों) को चलाने वाला एक मल्टीपर्पज मशीन बना देती है। बिना PTO के ट्रैक्टर हल, कल्टीवेटर, डिस्क हैरो या ट्रॉली जैसे उपकरणों को केवल खींच सकता है। लेकिन पीटीओ (Power Take-Off) सिस्टम ट्रैक्टर के इंजन से मिलने वाली शक्ति को पीछे जुड़े कृषि उपकरणों तक पहुंचाता है, जिससे वे आसानी से संचालित हो पाते हैं। यही कारण है कि रोटावेटर, थ्रेशर, रीपर, सीड ड्रिल, स्प्रेयर, बेलर और कई अन्य मशीनें प्रभावी ढंग से काम कर पाती हैं। 

ट्रैक्टर इंजन HP और PTO पावर में क्या अंतर है?

आमतौर पर कई किसान यह मान लेते हैं कि ट्रैक्टर की इंजन हार्सपावर (अश्वशक्ति या एचपी) ही उसकी पूरी कार्य क्षमता को दर्शाती है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। ट्रैक्टर की पीटीओ पावर (PTO HP - Power Take-Off) हमेशा उसके इंजन पावर (HP- Engine Horsepower) से कम होती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इंजन से पैदा होने वाली कुछ प्रतिशत ताकत ट्रैक्टर के गियरबॉक्स, हाइड्रोलिक्स और अन्य मैकेनिकल पार्ट्स को चलाने में खर्च ( यानी लॉस) हो जाती है। अंत में जो बची हुई शुद्ध ताकत पीछे उपकरणों को मिलती है, वही पीटीओ पावर (PTO HP) है।

पैरामीटर इंजन पावर (HP) पीटीओ पावर (Power Take Off- PTO HP)
कार्य इंजन की कुल शक्ति उपकरणों तक पहुंचने वाली उपयोगी शक्ति
उपयोग ट्रैक्टर खींचने रोटावेटर, थ्रेशर, स्ट्रॉ रीपर और मल्चर और स्प्रेयर आदि चलाने के लिए
महत्व ट्रैक्टर की क्षमता बताता है कृषि इम्प्लीमेंट की वास्तविक कार्यक्षमता तय करता है

उदाहरण के लिए, मान लीजिए आपने एक 50 HP श्रेणी का ट्रैक्टर खरीदा है, तो ट्रैक्टर की PTO पावर लगभग 42-45 HP के बीच हो सकती है। यही शक्ति इम्प्लीमेंट्स तक पहुंचती है। ट्रैक्टर की पीटीओ पावर हमेशा उसके इंजन पावर से कम होता है। 

क्यों महत्वपूर्ण है पीटीओ पावर?

आज की आधुनिक खेती में पीटीओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। खेत की तैयारी, बुवाई, सिंचाई, फसल कटाई और मड़ाई (थ्रेशिंग) जैसे कई कार्य पीटीओ से चलने वाले उपकरणों की मदद से ही किए जाते हैं। इससे किसानों का समय, श्रम और पैसा तीनों बचते हैं, साथ ही कार्य भी अधिक तेजी और कुशलता के साथ पूरा होता है।

  • कृषि उपकरणों की कार्यक्षमता बढ़ाती है: रोटावेटर, रीपर, थ्रेशर, स्ट्रॉ रीपर, स्प्रेयर और बेलर जैसे कृषि मशीन सीधे पीटीओ से संचालित होती हैं। यदि पीटीओ पावर पर्याप्त होगी, तो ये उपकरण बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
  • डीजल की बचत में मदद करती है: पर्याप्त पीटीओ पावर वाला ट्रैक्टर कृषि उपकरणों को आसानी से चला सकता है। इससे ट्रैक्टर इंजन बार-बार दबेगा नहीं और ईंधन की खपत भी बहुत कम या नियंत्रित रहेगी। 
  • कार्य की गति और गुणवत्ता बढ़ाती है: उपयुक्त पीटीओ पावर (PTO HP) होने पर कृषि उपकरण अपनी निर्धारित गति से काम करते हैं, जिससे खेत का काम जल्दी और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा होता है।
  • भारी इम्प्लीमेंट्स के लिए जरूरी: आजकल प्रगतिशील किसान खेती में बड़े रोटावेटर, मल्चर और स्ट्रॉ मैनेजमेंट मशीनों का उपयोग कर रहे हैं। इन उपकरणों के लिए ज्यादा पीटीओ पावर की आवश्यकता होती है। 

ट्रैक्टर खरीदते समय पीटीओ एचपी कैसे चुनें?

खेती का प्रकार अनुशंसित पीटीओ पावर (HP)
छोटे खेत और हल्के कृषि उपकरण 25-35 पीटीओ HP
मध्यम खेती और रोटावेटर, थ्रेशर, स्ट्रॉ रीपर, स्प्रेयर उपयोग 35-45 पीटीओ HP
भारी कृषि कार्य जैसे बड़े रोटावेटर, सीड ड्रिल, स्प्रेयर, बेलर 45-55 पीटीओ HP
कमर्शियल और बड़े कृषि उपकरण 55 पीटीओ HP से अधिक

निष्कर्ष: ट्रैक्टर खरीदते समय इसे जरूर चेक करें?

यदि ट्रैक्टर की पीटीओ पावर पर्याप्त नहीं होगी, तो कृषि उपकरण अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाएंगे। यही वजह है कि पीटीओ एचपी सीधे तौर पर खेती के कई महत्वपूर्ण कार्यों की गुणवत्ता, गति और कार्यक्षमता को प्रभावित करती है। ट्रैक्टर खरीदते समय PTO पावर की जानकारी सही मॉडल चुनने में काफी मदद करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, नया ट्रैक्टर खरीदते समय केवल इंजन HP पर ही नहीं, बल्कि Max PTO HP पर भी जरूर ध्यान देना चाहिए। इसलिए ट्रैक्टर खरीदने से पहले डीलर के ब्रोशर (कैटलॉग) या ट्रैक्टर पर लगी स्पेसिफिकेशन स्टील प्लेट में "Max PTO HP" की जानकारी जरूर चेक करें। केवल 45 HP या 50 HP जैसी इंजन क्षमता देखकर फैसला करना सही नहीं है। पर्याप्त PTO पावर वाला ट्रैक्टर न केवल रोटावेटर, थ्रेशर, सीड ड्रिल, स्प्रेयर और अन्य कृषि उपकरणों से बेहतर प्रदर्शन करवाता है, बल्कि ईंधन की बचत, कम परिचालन लागत और कम समय में अधिक काम पूरा करने में भी मदद करता है। यही वजह है कि किसान के लिए ट्रैक्टर का चुनाव करते समय इंजन HP के साथ-साथ PTO पावर (HP) का मूल्यांकन भी उतना ही जरूरी है।

Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page

Check On Road Price

Name must be 3–50 letters, spaces allowed Name must be 3–50 letters, spaces allowed
Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9
Select a brand
Select a model
Select a state
Select a district
`