खेती के लिए परफेक्ट ट्रैक्टर खरीदते समय इन जरूरी फीचर्स पर ध्यान दें

पोस्ट -26 जुलाई 2026 | Author: Anil Yadav शेयर पोस्ट

ट्रैक्टर किसानों के लिए केवल एक मशीन नहीं, बल्कि उसके जीवन का सबसे बड़ा निवेश होता है। एक बार खरीदा गया ट्रैक्टर कई वर्षों तक खेती और अन्य गैर-कृषि कार्यों में साथ देता है। बाजार में आज दर्जनों कंपनियों के सैकड़ों लोकप्रिय मॉडल्स उपलब्ध हैं, जिनमें कई तरह की आधुनिक तकनीकें देखने को मिलती हैं। ऐसे में अक्सर कई किसान भाई केवल ट्रैक्टर का लुक, ब्रांड या किसी पड़ोसी की देखा-देखी गलत मॉडल चुन लेते हैं, जिससे बाद में उन्हें डीजल के बढ़ते खर्च और मेंटेनेंस से परेशान होना पड़ता है। 

यदि आप भी अपने खेतों के लिए एक परफेक्ट और 'पैसा वसूल' ट्रैक्टर खरीदना चाहते हैं, तो शोरूम जाने से पहले इन जरूरी फीचर्स पर जरूर ध्यान दें। आइए, इस लेख में जानते हैं कि अपनी खेती के लिए परफेक्ट ट्रैक्टर का चुनाव कैसे करें।

इन जरूरी तकनीकी फीचर्स पर जरूर ध्यान दें

केवल कम कीमत या ज्यादा हॉर्सपावर (HP) देखकर ट्रैक्टर खरीदना सही फैसला नहीं होता। सही ट्रैक्टर का चुनाव आपकी जमीन के आकार, मिट्टी के प्रकार, उगाई जाने वाली फसल, उपयोग होने वाले कृषि उपकरणों और अपने बजट के अनुसार होना चाहिए। सही ट्रैक्टर का चुनाव न केवल आपकी उत्पादकता बढ़ाता है, बल्कि ईंधन, रखरखाव और खेती की कुल लागत को भी कम करने में आपकी मदद करता है। नया ट्रैक्टर खरीदने से पहले इस गाइड को जरूर पढ़ें। इसमें बताए गए महत्वपूर्ण तकनीकी फीचर्स आपके सही निर्णय में मदद करेंगे।

1. हॉर्सपावर (HP) और बैकअप टॉर्क का सही चुनाव

ट्रैक्टर खरीदने से पहले यह तय करें कि आपकी खेती का क्षेत्रफल कितना है और इसका उपयोग आप किन कृषि कार्यों के लिए करेंगे।

  • 20–35 HP श्रेणी : यदि आपके छोटे खेत हैं या आप अंगूर, सेब, संतरा जैसे बागों और गन्ना, कपास जैसी कतारबद्ध फसलों में संकरी जगहों पर आसानी से काम करना चाहते हैं।  
  • 35–45 HP श्रेणी: यदि आपके पास सीमित या मध्यम आकार के खेत हैं, जहां मुख्य रूप से सामान्य कल्टीवेटर, हल्के रोटावेटर और थ्रेसर का उपयोग या ट्रॉली से मंडी तक माल ले जाना है।
  • 45–50 HP श्रेणी: धान, गेहूं, मक्का, सोयाबीन, कपास और गन्ने जैसी फसलों की खेती करते हैं या  मध्यम रोटावेटर, सुपर सीडर और ट्रॉली ढुलाई का काम करना है। 
  • 50–60 HP श्रेणी: यदि आपको रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ, सुपर सीडर, मल्चर जैसे भारी-भरकम आधुनिक जुताई यंत्र चलाने हैं या व्यावसायिक उपयोग के लिए ट्रैक्टर चाहिए। 
  • बैकअप टॉर्क : आज के आधुनिक ट्रैक्टरों में बैकअप टॉर्क इंजन मिलता है। ऐसे में ट्रैक्टर खरीदते समय हमेशा उसका टॉर्क (Nm) जरूर चेक करें। अतिरिक्त खींचने की पावर (High backup torque) होने से जब खेत में सख्त मिट्टी या अचानक कोई लोड आता है, तो ट्रैक्टर का इंजन दबता नहीं है और बिना बंद हुए निरंतर काम पूरा करता रहता है।

2. 2WD VS 4WD कौन-सा ट्रैक्टर विकल्प चुनें?

खेतों की मिट्टी और फसल के अनुसार सही ड्राइव वेरिएंट का चुनाव करना बहुत जरूरी है:

  • 2WD (टू-व्हील ड्राइव): इस ट्रैक्टर में केवल पिछले दो पहियों को इंजन से पावर मिलती है। यह सामान्य खेत, सूखी जुताई, कल्टीवेटर संचालन, समतल रास्तों पर ढुलाई और सीमित बजट वाले किसानों के लिए सबसे बेस्ट और किफायती विकल्प है।
  • 4WD (फोर-व्हील ड्राइव): इस तकनीक में इंजन की ताकत चारों पहियों में बराबर बंटती है, जिससे टायरों का स्लिपेज खत्म हो जाता है और सतह पर अच्छी पकड़ मिलती है। इससे समय और डीजल दोनों की भारी बचत होती है।
  • यदि आप धान की खेती (कीचड़ में मचाई/पडलिंग) ज्यादा करते हैं, या बेहद सख्त काली मिट्टी में गहरे जुताई यंत्र चलाते हैं, तो 4WD ट्रैक्टर ही चुनें। 

3. सही गियरबॉक्स और ट्रांसमिशन का चुनाव करें 

ट्रैक्टर का ट्रांसमिशन और गियरबॉक्स उसकी कार्यक्षमता के साथ-साथ ड्राइविंग अनुभव को भी प्रभावित करता है। इसलिए सही गियरबॉक्स का चुनाव हमेशा बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करता है। 

  • आधुनिक ट्रांसमिशन: आज के ट्रैक्टरों में स्लाइडिंग मेश (Sliding Mesh), कॉन्स्टेंट मेश (Constant Mesh) और सिंक्रोमेश (Synchromesh) जैसे एडवांस ट्रांसमिशन के विकल्प मिलते हैं। 
  • आसान गियर शिफ्टिंग: पहले की तुलना में गियर बदलने की प्रक्रिया अधिक स्मूद, आसान और कम शोर वाली हो गई है, जिससे खेत में लंबे समय तक काम करना भी अधिक आरामदायक बनता है।
  • मल्टी-स्पीड गियरबॉक्स: पारंपरिक 8 फॉरवर्ड + 2 रिवर्स गियरबॉक्स की तुलना में आज के ट्रैक्टरों में 12 फॉरवर्ड + 3 रिवर्स, 12 फॉरवर्ड + 12 रिवर्स, मल्टी-स्पीड और क्रीपर स्पीड (Creeper Speed) जैसे आधुनिक गियरबॉक्स विकल्प मिलते हैं। इससे आप रोटावेटर, सीड ड्रिल या अन्य कृषि उपकरण चलाते समय मिट्टी की स्थिति और कार्य की जरूरत के अनुसार सटीक, धीमी या तेज गति चुन सकते हैं। इससे मशीन का प्रदर्शन बेहतर होता है, ईंधन की बचत होती है।
  • फ्लैट प्लेटफॉर्म: ट्रैक्टर खरीदते समय साइड शिफ्ट (Side Shift) गियरबॉक्स वाले मॉडल को प्राथमिकता दें। इसमें गियर लीवर सेंटर में होने के बजाय सीट के दाईं या बाईं ओर यानी साइड में होता है, जिससे फ्लैट प्लेटफॉर्म (Flat Platform) मिलता है और पैरों के लिए अधिक जगह रहती है। इससे लंबे समय तक काम करने पर भी चालक को कम थकान महसूस होती है।

4. पीटीओ हॉर्सपावर (Max PTO HP) और प्रकार की जांच करें

अक्सर किसान कुल इंजन पावर (HP) देखकर ट्रैक्टर खरीद लेते हैं, जो एक अधूरी जानकारी है। थ्रेशर, रोटावेटर, रीपर, स्प्रेयर, मल्चर, सुपर सीडर और वॉटर पंप जैसे उपकरण ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में घूमने वाले शाफ्ट यानी पीटीओ (Power Take-Off) से चलते हैं। 

  • हमेशा ट्रैक्टर के पीछे लगी स्टील की प्लेट पर "Max PTO HP" जरूर चेक करें। साथ ही 540/540E PTO जैसे विकल्पों की जानकारी जरूर लें। यह जितनी मजबूत होगी, आपकी पीटीओ ऑपरेटेड मशीनें उतनी ही स्मूथ चलेंगी।
  • रिवर्स और इकोनॉमी पीटीओ (CR-PTO): रिवर्स पीटीओ होने से थ्रेशर में कचरा या फसल फंसने पर उसे उल्टा घुमाकर साफ किया जा सकता है। वहीं, इकोनॉमी पीटीओ हल्के कामों (जैसे पानी का पंप या स्प्रेयर मशीन चलाना) में बेहद कम इंजन आरपीएम पर पूरी स्पीड देकर डीजल की सीधी बचत कराता है।

5. हाइड्रोलिक्स और लिफ्टिंग क्षमता पर दें विशेष ध्यान

हाइड्रोलिक लिफ्ट ट्रैक्टर के पीछे जुड़े कृषि उपकरणों को उठाने, नीचे करने और उनकी कार्य गहराई (Working Depth) नियंत्रित करने का काम करती है। इसलिए ट्रैक्टर खरीदते समय उसकी हाइड्रोलिक लिफ्टिंग क्षमता जरूर जांचें। सही क्षमता वाला ट्रैक्टर रोटावेटर, एमबी प्लाउ, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर या अन्य भारी कृषि उपकरणों के साथ बेहतर प्रदर्शन करता है। 

  • लिफ्ट क्षमता: यदि आप रोटावेटर, एमबी प्लाऊ, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर या अन्य भारी कृषि उपकरणों का उपयोग करते हैं, तो ट्रैक्टर की लिफ्टिंग क्षमता कम से कम 1800 से 2500 किलोग्राम होनी चाहिए। हल्के कार्यों और सामान्य खेती के लिए 1200–1800 किलोग्राम तक की हाइड्रोलिक क्षमता उपयुक्त है। 
  • ADDC हाइड्रोलिक्स (सेंसिंग): भारी जुताई यंत्र (जैसे प्लाऊ, डिस्क हैरो, सब–सॉइलर या मल्टी-क्रॉप प्लांटर) चलाते समय ट्रैक्टर में ऑटोमैटिक डेप्थ एंड ड्राफ्ट कंट्रोल (ADDC) होना अनिवार्य है। लिफ्ट में जितने ज्यादा सेंसिंग पॉइंट्स होंगे, ट्रैक्टर जमीन के भीतर उपकरण की गहराई को मिट्टी के कड़ेपन के अनुसार खुद-ब-खुद ऊपर-नीचे एडजस्ट करेगा, जिससे बेहतर परिणाम मिलेगा। 

6. सही ब्रेक और स्टीयरिंग का चुनाव करें

  • ऑयल इमर्स्ड ब्रेक (OIB): साधारण ब्रेक के मुकाबले तेल में डूबे हुए ब्रेक (Oil Immersed Disc Brakes) बेहद सुरक्षित होते हैं। ये पानी या ढलान वाले रास्तों पर भारी ट्रॉली को तुरंत रोकने में सक्षम होते हैं और इनकी लाइफ भी बहुत लंबी होती है।
  • मैकेनिकल या  पावर स्टीयरिंग: यदि आप ट्रैक्टर के आगे लोडर (मिट्टी/रेत उठाने वाला) या बुलडोजर अटैचमेंट लगाते हैं, तो पावर स्टीयरिंग अनिवार्य है। यदि ट्रैक्टर का मुख्य काम सिर्फ सूखी जुताई (कल्टीवेटर) करना, थ्रेशर चलाना या हल्की ट्रॉली खींचना है, तो मैकेनिकल स्टीयरिंग से काम चल जाता है।

7. वारंटी और सर्विस नेटवर्क 

लंबी कंपनी वारंटी व रीसेल वैल्यू: हमेशा वह ब्रांड चुनें जो कम से कम 5 से 6 साल की भरोसेमंद विस्तृत वारंटी प्रदान करता हो। साथ ही, यह भी ध्यान रखें कि आपके क्षेत्र में उस कंपनी के स्पेयर पार्ट्स सस्ते और आसानी से उपलब्ध हों, जिससे ट्रैक्टर लंबे समय में आपकी परिचालन लागत कम कर सकता है। साथ ही ट्रैक्टर पुराना होने पर भी आपको उसकी अच्छी रीसेल वैल्यू (सेकंड-हैंड मार्केट में ऊंचा दाम) मिल सके।

अंतिम निष्कर्ष: 

शोरूम जाने से पहले अपनी खेती की जरूरतों (जैसे खेत का आकार, मिट्टी का प्रकार, प्रमुख फसलें और कृषि कार्य) की एक सूची बनाएं। यदि आपका काम सामान्य है, तो कम मेंटेनेंस और उच्च माइलेज वाले 2WD मॉडल की तरफ जाएं। वहीं, यदि आप आधुनिक और भारी मशीनों से खेती को व्यावसायिक रूप देना चाहते हैं, तो 4WD तकनीक, हाई बैकअप टॉर्क और एडवांस ADDC हाइड्रोलिक्स वाले ट्रैक्टर में निवेश करें। ट्रैक्टर खरीदने से पहले अपनी आर्थिक क्षमता का आकलन करें। यदि लोन लेने की योजना है, तो ट्रैक्टर EMI कैलकुलेटर की मदद से मासिक किस्त, कुल ब्याज और लोन अवधि का अनुमान पहले ही लगा लें। 

Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page

Check On Road Price

Name must be 3–50 letters, spaces allowed Name must be 3–50 letters, spaces allowed
Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9
Select a brand
Select a model
Select a state
Select a district
`