कम बजट में कौन सा ट्रैक्टर खरीदें? आयशर और स्वराज की पूरी तुलना

पोस्ट -12 जून 2026 | Author: Anil Yadav शेयर पोस्ट

आयशर बनाम स्वराज ट्रैक्टर तुलना, माइलेज, कीमत और ताकत में कौन आगे?

भारतीय कृषि क्षेत्र में जब भी किफायती, भरोसेमंद और कम रखरखाव खर्च वाले ट्रैक्टरों की बात आती है, तो आयशर (Eicher) और स्वराज (Swaraj) का नाम सबसे पहले चर्चा में आता है। दोनों ही ब्रांड्स ने दशकों से भारतीय किसानों का भरोसा जीता है और खेती से लेकर ढुलाई कार्यों तक के लिए कई लोकप्रिय मॉडल पेश किए हैं। लेकिन जब एक आम या सीमांत (Marginal) किसान अपने बजट के अनुसार नया ट्रैक्टर चुनने जाता है, तो वह अक्सर उलझन में पड़ जाता है कि 'आयशर लें या स्वराज?'

अगर आप के पास भी बजट सीमित है और इन दोनों ब्रांड में से किसी एक को चुनने की सोच रहे हैं, तो यह विस्तृत कंपैरिजन रिपोर्ट आपके काम की है। आइए इनके फीचर्स, रनिंग कॉस्ट और परफॉर्मेंस की तुलना करते हैं और जानते हैं कि बजट के अनुसार आपके लिए कौन-सा ब्रांड बेहतर विकल्प साबित हो सकता है?

बजट और शुरुआती कीमत में कौन आगे? 

दोनों ही ब्रांड छोटे किसानों से लेकर बड़े जमींदारों तक के लिए ट्रैक्टर मॉडल डिजाइन करते हैं, लेकिन शुरुआती कीमत में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है। आयशर लंबे समय से अपनी किफायती कीमत और कम एचपी (जैसे Eicher 241, 242, 333 और 380) ट्रैक्टरों के लिए मशहूर है। इसकी कॉम्पैक्ट और मध्यम एचपी श्रेणी के ट्रैक्टरों की शुरूआती कीमत लगभग ₹3.60 लाख से ₹6.58 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच मिल जाती है। वहीं, स्वराज भी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर ट्रैक्टर उपलब्ध करता हैं, लेकिन कई सेगमेंट में उनकी कीमत आयशर के मुकाबले थोड़ी अधिक होती है। स्वराज की रेंज 'स्वराज कोड' (11 HP) को छोड़कर मुख्य पावर श्रेणी के ट्रैक्टरों (जैसे Swaraj 735 FE) की कीमत लगभग ₹5.82 लाख से शुरू होती है और इसके बड़े एचपी मॉडल्स (जैसे 744 XT या 855 FE) ₹6.95 लाख से ₹8.37 लाख तक जाते हैं। बजट पर अधिक ध्यान देने वाले किसानों के लिए आयशर अक्सर आकर्षक विकल्प माना जाता है। इसके पास एंट्री-लेवल में ज्यादा किफायती विकल्प हैं।

माइलेज और डीजल की बचत 

ट्रैक्टर खरीदने के बाद सबसे बड़ा खर्च डीजल पर होता है। इसलिए बजट सीमित किसान ऐसे ट्रैक्टर को प्राथमिकता देते हैं, जो कम ईंधन पर ज्यादा काम निकाल कर दें। आयशर के कई लोकप्रिय मॉडल्स (जैसे 242 या 241) में एयर-कूल्ड इंजन (Air-Cooled Engine) मिलता है। इसमें वाटर रेडिएटर या कूलेंट की जरूरत नहीं होती। ये इंजन कम ईंधन खपत (Fuel Efficiency) के लिए जाने जाते हैं और हल्की खेती, रोटावेटर और रोजमर्रा के कामों में शानदार माइलेज देते हैं। दूसरी ओर, स्वराज भी अच्छी ईंधन दक्षता प्रदान करता है, लेकिन इसकी पहचान ज्यादा मजबूत खींचने की क्षमता और फील्ड परफॉर्मेंस के लिए रही है। स्वराज के ट्रैक्टर लिक्विड-कूल्ड या वाटर कूल्ड इंजन के साथ आते हैं, जो भारी काम के दौरान अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हालांकि आयशर की तुलना में इनका डीजल खर्च थोड़ा सा अधिक हो सकता है। अगर आपकी प्राथमिकता 'सबसे कम डीजल खर्च' है, तो आयशर यहां बाजी मार ले जाता है।

ताकत, टॉर्क और भारी काम में प्रदर्शन

स्वराज को उसकी मजबूत बॉडी, दमदार ट्रैक्शन और टिकाऊपन के लिए जाना जाता है। स्वराज 744 FE और 855 FE जैसे बड़े मॉडल्स का टॉर्क और पीटीओ पावर बहुत शानदार होता है। गन्ने की भारी ट्रॉली खींचनी हो, कड़े खेतों की गहरी जुताई करनी हो या थ्रेशर जैसे भारी उपकरणों को चलाना हो स्वराज बिना थके प्रदर्शन करता है। वहीं, आयशर ट्रैक्टर खेती के सभी काम आसानी से करते हैं और परिवहन कार्यों में भी बेहतर संतुलन प्रदान करते हैं। लेकिन बहुत ज्यादा ओवरलोडिंग या कमर्शियल ढुलाई के मामले में स्वराज को ज्यादा बेहतर माना जाता है। यहां स्वराज आगे है भारी कृषि उपकरण चलाने और कमर्शियल ढुलाई (Haulage) के लिए स्वराज का प्रदर्शन ज्यादा दमदार रहता है।

मेंटेनेंस और रीसेल वैल्यू 

  • कम रखरखाव खर्च: आयशर की सरल इंजीनियरिंग और कम जटिल डिजाइन के कारण इसका मेंटेनेंस खर्च बेहद कम होता है। किसान खुद भी इसके छोटे-मोटे काम घर पर कर सकते हैं। 
  • रीसेल वैल्यू और सर्विस: स्वराज की सबसे बड़ी ताकत इसकी रीसेल वैल्यू है। ग्रामीण इलाकों में पुराना ट्रैक्टर बेचने पर इसकी काफी ज्यादा कीमत (रीसेल वैल्यू) मिल जाती है। इसके मजबूत नेटवर्क के कारण पार्ट्स हर गांव-कस्बे की दुकान पर आसानी से मिलते हैं। 

कई किसान स्वराज को बेहतर आफ्टर-सेल्स सपोर्ट और भरोसेमंद सर्विस के कारण प्राथमिकता देते हैं।

कंपैरिजन टेबल (Comparison Table Swaraj and Eicher)

पैरामीटर

आयशर (Eicher)

स्वराज (Swaraj)

मुख्य खासियत

कम डीजल खपत और मेंटेनेंस

जबदस्त ताकत और रफ-टफ भारी बॉडी

इंजन कूलिंग

एयर-कूल्ड और वॉटर-कूल्ड दोनों

मुख्य रूप से वॉटर-कूल्ड (लिक्विड)

रनिंग कॉस्ट

बहुत कम (ईंधन की भारी बचत)

मध्यम से सामान्य (भारी काम में बेहतर माइलेज)

रीसेल वैल्यू

स्थिर

बहुत शानदार (ग्रामीण बाजारों में भारी मांग)

बेस्ट उपयोग

छोटे और मध्यम किसान, हल्की और मिक्स फार्मिंग

भारी खेती, कमर्शियल ढुलाई, बडे़ उपकरण 

किसानों के बीच लोकप्रिय मॉडल तुलना

आयशर

स्वराज

उपयुक्त उपयोग

आयशर 242 (25 hp)

स्वराज 724 XM (25-30 HP)

छोटे और सीमांत किसान

आयशर 380 (40 hp)

स्वराज 735 FE (31-40 HP)

छोटी से मध्यम खेती और ढुलाई

आयशर 551 (49 hp)

स्वराज 744 XT (46-50 HP)

मध्यम और भारी ढुलाई कार्य

आयशर 557 (50 hp)

स्वराज 855 FE (46-50 HP)

बड़े खेत और भारी कृषि उपकरण

अंतिम फैसला: बजट में कौन-सा है बेहतर?

  • आयशर ट्रैक्टर तब चुनें: जब आप एक छोटे या मध्यम किसान हैं, आपकी खेती सीमित है, और आपका मुख्य उद्देश्य दैनिक खेती (जैसे बुआई, कल्टीवेटर, हल्का रोटावेटर) में कम से कम डीजल खर्च और न के बराबर रखरखाव खर्च चाहते हैं।
  • स्वराज ट्रैक्टर तब चुनें: जब आपको एक ऐसा 'दमदार' ट्रैक्टर चाहिए जो भारी से भारी काम (जैसे गन्ने की ट्रॉली ढुलाई, बड़ा रोटावेटर) बिना दबे कर सके और आप भविष्य में ट्रैक्टर बदलकर अपग्रेड करना चाहते हैं, क्योंकि इसकी रीसेल वैल्यू सबसे मजबूत है।

Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page

`