20–50 HP में महाराष्ट्र के किसानों के लिए टॉप 5 महिंद्रा ट्रैक्टर

पोस्ट -29 जुलाई 2026 | Author: Anil Yadav शेयर पोस्ट

महाराष्ट्र देश के प्रमुख कृषि राज्यों में से एक है, जहां की भौगोलिक विविधता और फसल पैटर्न इसे बाकी राज्यों से अलग बनाते हैं। राज्य के पश्चिमी महाराष्ट्र में गन्ने की खेती, विदर्भ में कपास, मराठवाड़ा में सोयाबीन, तिलहन और दलहन, जबकि नासिक, पुणे और सांगली जैसे क्षेत्रों में अंगूर, अनार और अन्य बागवानी फसलों की बड़े पैमाने पर खेती की जाती है। ऐसे में हर क्षेत्र की खेती की जरूरतें भी अलग-अलग हैं। इसी वजह से महाराष्ट्र के किसानों को ऐसे ट्रैक्टर की जरूरत होती है, जो कम ईंधन में दमदार प्रदर्शन और खेती के साथ-साथ ढुलाई के काम में भी बेहतरीन दक्षता प्रदान करे। 

महिंद्रा ट्रैक्टर्स (Mahindra Tractors) ने महाराष्ट्र की इसी भौगोलिक और कृषि विविधता को समझते हुए 20 से 50 HP श्रेणी में कई दमदार ट्रैक्टर मॉडल पेश किए हैं, जो अलग-अलग फसलों और कृषि कार्यों के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प माने जाते हैं। आइए इस ब्लॉग में महाराष्ट्र के किसानों के लिए 20 से 50 HP श्रेणी के महिंद्रा के टॉप 5 ट्रैक्टर, उनके प्रमुख फीचर्स, कीमत और किस तरह की खेती के लिए वे सबसे उपयुक्त हैं आदि के बारे में जानते हैं।

महाराष्ट्र में महिंद्रा ट्रैक्टर क्यों हैं सबसे भरोसेमंद?

सूखा प्रभावित क्षेत्रों से लेकर उपजाऊ मैदानों तक, महाराष्ट्र के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में महिंद्रा ट्रैक्टर किसानों की पहली पसंद बने हुए हैं। साथ ही, सरकार समर्थित कृषि मशीनीकरण योजनाओं में भी महिंद्रा की मजबूत भागीदारी इसे ग्रामीण विकास और आधुनिक खेती का एक भरोसेमंद साथी बनाती है। महाराष्ट्र के किसानों के बीच महिंद्रा की लोकप्रियता के प्रमुख कारण नीचे दिए गए हैं।

  • आसान मेंटेनेंस और स्पेयर पोर्ट्स उपलब्धता: महिंद्रा की लोकप्रियता के पीछे सबसे बड़ा कारण इस ब्रांड का मजबूत और व्यापक सर्विस नेटवर्क है, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों में भी किसानों को मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव की सुविधाएं आसानी से मिल जाती हैं। 
  • भरोसेमंद प्रदर्शन और अच्छी रीसेल वैल्यू: दशकों से भरोसेमंद प्रदर्शन, बेहतर रीसेल वैल्यू और किसानों का मजबूत विश्वास महिंद्रा को महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय ट्रैक्टर ब्रांडों में शामिल करता है। 
  • अत्याधुनिक नए ट्रैक्टरों की विविध रेंज: कंपनी लगातार अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर ईंधन दक्षता, आरामदायक ऑपरेटर स्टेशन और उन्नत फीचर्स  से लैस नए ट्रैक्टरों की विविध रेंज बाजार में उतार रही है। 
  • अधिक ट्रैक्शन और दमदार खींचने क्षमता: महिंद्रा के 4WD मॉडल चुनौतीपूर्ण और ऊबड़-खाबड़ इलाकों में बेहतर पकड़, अधिक ट्रैक्शन और दमदार खींचने की क्षमता प्रदान करते हैं। 

महाराष्ट्र में सबसे लोकप्रिय 5 महिंद्रा ट्रैक्टर मॉडल्स का विवरण 

पश्चिमी महाराष्ट्र के गन्ने के खेतों, कोंकण के धान उत्पादक क्षेत्रों और विदर्भ के कपास की बेल्ट से लेकर बागवानी तक, राज्य की हर अलग-अलग कृषि जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिंद्रा 20 से 50 HP श्रेणी में कई दमदार ट्रैक्टर मॉडल पेश करता है। इनमें महिंद्रा युवराज 215 NXT NT (20 HP), महिंद्रा जीवो 365 DI 4WD (36 HP), महिंद्रा 415 युवो टेक+ 4WD (42 HP), महिंद्रा 575 DI SP Plus (47 HP) और महिंद्रा अर्जुन 605 DI MS V1 (48.7 HP) जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं। 

महिंद्रा के टॉप 5 ट्रैक्टर मॉडल के फीचर्स और कीमत

2WD (दो पहिया ड्राइव) , 4WD (फोर व्हील ड्राइव) और कॉम्पैक्ट कॉन्फिगरेशन में मौजूदा ये ट्रैक्टर मॉडल्स खेती, बागवानी और ढुलाई जैसे विभिन्न कार्यों में बेहतर उत्पादकता, कम शारीरिक श्रम और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने में किसानों की सहायता करते हैं।

1. महिंद्रा युवराज 215 एनएक्सटी एनटी — 20 HP

महिंद्रा युवराज 215 एनएक्सटी एनटी छोटा लेकिन पावरफुल ट्रैक्टर गन्ना, कपास, प्याज और सब्जियों की खेती में फसलों की कतारों के बीच खरपतवार नियंत्रण (इंटर-कल्चर ऑपरेशन), स्प्रेयर चलाने और अन्य हल्के कृषि कार्यों के लिए बेहद उपयुक्त है। कम परिचालन खर्च और भरोसेमंद प्रदर्शन के कारण यह मॉडल महाराष्ट्र के छोटे और सीमांत किसानों के बीच काफी लोकप्रिय है। 

प्रमुख फीचर्स

  • 14.9 किलोवाट (20 HP) श्रेणी का 1-सिलेंडर वॉटर-कूल्ड डीजल इंजन।
  • 48 Nm का जबरदस्त टॉर्क।
  • 6 फॉरवर्ड + 3 रिवर्स गियर ऑप्शंस।
  • 778 किलोग्राम (Kg) की लिफ्ट क्षमता।
  • इसमें स्प्रे पंप, छोटे रोटावेटर और थ्रेशर चलाने के लिए पर्याप्त पीटीओ पावर मिलती है।
  • टर्निंग रेडियस बेहद कम, यह कतारों के बीच इंटर-कल्चर ऑपरेशन और रोटावेटिंग के लिए उपयुक्त।
  • अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत: लगभग ₹ 3.10 लाख से ₹ 3.50 लाख के बीच। 

2. महिंद्रा जीवो 365 डीआई 4डब्ल्यूडी- 36 HP

महिंद्रा जीवो 365 DI 4WD 36 HP श्रेणी का एक दमदार और हल्के वजन वाला फोर-व्हील ड्राइव (4WD) ट्रैक्टर है। इसे खास तौर पर धान की खेती, पडलिंग (कीचड़ मचाई), बागवानी और संकरी जगहों पर होने वाले कृषि कार्यों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। 

प्रमुख फीचर्स 

  • 36 HP श्रेणी का 3-सिलेंडर, DI इंजन। 
  • 2600 आरपीएम पर 118 Nm टॉर्क।
  • 900 किलोग्राम की लिफ्ट क्षमता के साथ PAC (Position Auto-Control) हाइड्रॉलिक्स।
  • 8 फॉरवर्ड + 8 रिवर्स, सिंक्रो शटल गियरबॉक्स।
  • 30 HP की पर्याप्त पीटीओ पावर, जो स्प्रे पंप, छोटे रोटावेटर और रीपर को बहुत स्मूथ चलाती है।
  • आरामदायक बैठने की व्यवस्था और सहज नियंत्रण के लिए स्टैंडर्ड पावर स्टीयरिंग।
  • अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹ 5.95 लाख से ₹ 6.35 लाख के बीच है।
  • धान (चावल) की खेती या अंगूर/अनार के बगीचों में निराई-गुड़ाई और स्प्रेयर के लिए आदर्श। 

3. महिंद्रा 415 युवो टेक+ 4WD- 42 HP

महिंद्रा 415 युवो टेक+ 4WD आधुनिक तकनीक फीचर्स से लैस एक दमदार ट्रैक्टर है, जिसे खेती की उत्पादकता बढ़ाने और विभिन्न कृषि कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए डिजाइन किया गया है। महाराष्ट्र में धान की पडलिंग (कीचड़ मचाई) और 6 फीट रोटावेटर चलाने के लिए इसका 4WD वेरिएंट किसानों के बीच काफी लोकप्रिय है। 

प्रमुख फीचर्स 

  • 31.33 kW (42 HP) का दमदार 3-सिलेंडर m-ZIP इंजन।
  • 12 फॉरवर्ड + 3 रिवर्स (15 स्पीड) फुली कॉन्स्टेंट मेश ट्रांसमिशन। 
  • MSPTO और 2000 किलोग्राम की मजबूत हाइड्रोलिक लिफ्टिंग क्षमता।
  • आरामदायक ऑपरेटर सीट और पावर स्टीयरिंग।
  • बेहतर माइलेज और 6 साल की लंबी कंपनी वारंटी।
  • 4WD तकनीक और ड्यूल क्लच के साथ बेहतर ट्रैक्शन और आसान ऑपरेशन।
  • धान की पडलिंग (कीचड़ मचाई) और 6 फीट रोटावेटर जैसे भारी कृषि कार्यों के लिए भरोसेमंद विकल्प।
  • अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹ 7.30 लाख से ₹ 8.00 लाख के बीच।

4. महिंद्रा 575 डीआई एसपी प्लस- 47 HP 

महिंद्रा 575 DI SP Plus 47 HP श्रेणी का एक दमदार और सबसे लोकप्रिय ट्रैक्टर है। इसे कम ईंधन में भारी खिंचाई करने की क्षमता के साथ डिजाइन किया गया है। महाराष्ट्र में यह ट्रैक्टर चीनी मिलों तक गन्ने से लदी भारी ट्रॉलियां खींचने और कठोर काली (ब्लैक कॉटन) मिट्टी में कल्टीवेटर, 7 फीट रोटावेटर, एमबी प्लाऊ और अन्य भारी कृषि उपकरणों को चलाने के लिए किसानों की पहली पसंद माना जाता है। 

प्रमुख फीचर्स 

  • 47 HP श्रेणी का दमदार 4-सिलेंडर इंजन।
  • 207 Nm टॉर्क, भारी जुताई और ढुलाई के दौरान शानदार प्रदर्शन।
  • 31.2 kW (41.8 HP) PTO पावर रोटावेटर, रीपर, थ्रेशर और अन्य बड़े कृषि उपकरणों का आसान संचालन। 
  • 8 फॉरवर्ड + 2 रिवर्स गियर के साथ पार्टियल कॉन्स्टेंट मेश ट्रांसमिशन, स्मूद और आसान गियर शिफ्टिंग। 
  • 1500 किलोग्राम की मजबूत हाइड्रोलिक लिफ्टिंग क्षमता और ADDC हाइड्रोलिक कंट्रोल।
  • ड्यूल-एक्टिंग पावर स्टीयरिंग या मैनुअल स्टीयरिंग का विकल्प, जरूरत के अनुसार मॉडल चुन सकते हैं।
  • खेती के साथ-साथ यह ट्रॉली ढुलाई, पानी पंप चलाने के लिए भी उपयुक्त है।
  • अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹6.88 लाख से ₹7.24 लाख के बीच। 

5. महिंद्रा अर्जुन 605 डीआई एमएस वी1- 49HP

महिंद्रा अर्जुन 605 DI MS V1 49 HP श्रेणी का एक दमदार और आधुनिक हैवी-ड्यूटी ट्रैक्टर है, जिसे विशेष रूप से कठोर मिट्टी की गहरी जुताई, भारी कृषि कार्यों और कमर्शियल उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है।  महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र की कड़ी और सूखी काली (ब्लैक कॉटन) मिट्टी में रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ खींचने, जो किसान किराए (रेंटल) पर ट्रैक्टर चलाते हैं उनके लिए यह एक भरोसेमंद विकल्प है। 

प्रमुख फीचर्स

  • 49 HP श्रेणी का शक्तिशाली 4-सिलेंडर इंजन। 
  • 2200 किलोग्राम की भारी-भरकम लिफ्टिंग क्षमता। 
  • लगभग 42 HP की मजबूत पीटीओ क्षमता, जो 7 से 8 फीट के रोटावेटर, थ्रेशर और रीपर को बहुत स्मूथ चलाती है। 
  • 16 फॉरवर्ड + 4 रिवर्स (20-स्पीड) गियर ऑप्शंस फुली कांस्टेंट मेश गियरबॉक्स।  
  • साइड-शिफ्ट गियर के साथ ड्यूल क्लच / SLIPTO विकल्प। 
  • ऑयल इमर्स्ड डिस्क ब्रेक और 4WD एक्सल।
  • रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ, सबसॉइलर और हैवी डिस्क हैरो चलाने के लिए उपयुक्त है। 
  • अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹ 8.00 लाख से ₹ 11.50 लाख के बीच है। 

उपरोक्त मॉडल्स की अंतिम कीमत राज्य, वैरिएंट और डीलर के अनुसार बदल सकती है, इसलिए खरीदारी से पहले अधिकृत डीलर से नवीनतम जानकारी लेना उचित रहेगा।

कौनसा ट्रैक्टर चुनें

यदि आप महाराष्ट्र के बागवानी किसान हैं तो महिंद्रा युवराज 215 एनएक्सटी एनटी या महिंद्रा जीवो 365 डीआई 4डब्ल्यूडी चुनें। यदि सामान्य खेती व माइलेज प्राथमिकता है, तो महिंद्रा 415 युवो टेक+ 4WD या महिंद्रा 575 डीआई एसपी प्लस सबसे किफायती विकल्प हैं।  वहीं गन्ने की ढुलाई और हैवी जुताई के लिए महिंद्रा अर्जुन 605 डीआई एमएस वी1 49 एचपी श्रेणी में आपके लिए सबसे मजबूत विकल्प है।  सही ट्रैक्टर का चुनाव आपकी फसल, खेत के आकार, उपयोग होने वाले कृषि उपकरण और बजट पर निर्भर करता है। 

Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page

Check On Road Price

Name must be 3–50 letters, spaces allowed Name must be 3–50 letters, spaces allowed
Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9 Enter valid 10-digit mobile number starting with 6–9
Select a brand
Select a model
Select a state
Select a district
`