फार्मट्रैक 45 Powermaxx ट्रैक्टर: कीमत, फीचर्स और माइलेज
कृषि कार्यों के लिए किसानों की पहली पसंद दमदार फार्मट्रैक 45 Powermaxx ट्रैक्टर
फार्मट्रैक ब्रांड भारतीय किसानों के बीच अपनी दमदार परफॉर्मेंस, बेहतर माइलेज और आधुनिक तकनीक वाले ट्रैक्टरों के लिए जाना जाता है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा (Escorts Kubota) ने अपने इस ब्रांड के तहत पावरमैक्स सीरीज पेश की है, जिसमें विभिन्न एचपी श्रेणी के कई मॉडल उपलब्ध है। लेकिन फार्मट्रैक 45 पावरमैक्स (Farmtrac 45 Powermaxx) ने अपनी दमदार परफॉर्मेंस, बेहतर माइलेज के दम पर बाजार में एक अलग पहचान बनाई है। नाम से भले ही "45" हो, लेकिन यह ट्रैक्टर 50 HP श्रेणी में आता है और अपने सेगमेंट में ताकत, ईंधन दक्षता तथा बहुउपयोगी क्षमता के कारण यह किसानों की पहली पसंद बना हुआ है। इस रिव्यू रिपोर्ट में हम जानेंगे कि खेती और ढुलाई के कार्यों में 45 Powermaxx का प्रदर्शन कैसा रहता है, इसका माइलेज कितना है और यह ट्रैक्टर वास्तव में किन किसानों के लिए बेस्ट है।
किसानों के लिए भरोसेमंद और माइलेज में शानदार
फार्मट्रैक 45 पावरमैक्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह खेती के साथ-साथ ढुलाई जैसे भारी-भरकम कामों को भी आसानी से संभाल सके। शक्तिशाली इंजन, मजबूत निर्माण और आधुनिक तकनीकी फीचर्स का संतुलन इसे छोटे, मध्यम और बड़े किसानों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनाता है। माइलेज के मामले में यह ट्रैक्टर किसानों की उम्मीदों पर खरा उतरता है। कंपनी ने इसमें ऐसा इंजन दिया है, जो मात्र 1850 RPM पर अपनी पूरी ताकत जेनरेट कर लेता है, इसलिए इसे काम के दौरान बहुत ज्यादा रेस (Accelerate) देने की जरूरत नहीं पड़ती। कम आरपीएम पर चलने के कारण यह ट्रैक्टर संतुलित ईंधन खपत बनाए रखता है, जिससे खेत की जुताई, रोटावेटर संचालन और ट्रॉली ढुलाई जैसे कार्यों में संचालन लागत घटती है।
इंजन क्षमता और पावर
फार्मट्रैक 45 पावरमैक्स में 3-सिलेंडर और 3443 CC का शक्तिशाली डीजल इंजन दिया गया है, जो 1850 रेटेड आरपीएम (आर/मिनट) जबदस्त ताकत जेनरेट करता है। इस ट्रैक्टर की सबसे बड़ी खासियत इसका 209 Nm का हाई टॉर्क है, जिसके कारण जब इस ट्रैक्टर पर अचानक भारी लोड आता है (जैसे कठोर खेतों में गहराई से जुताई करना, बड़े रोटावेटर चलाना या गन्ने से लदी भारी ट्रॉली खींचना), तो इसका इंजन बिल्कुल भी नहीं दबता और बिना रुके पूरी ताकत से काम करता रहता है।
ट्रांसमिशन और स्पीड गियर विकल्प
इस ट्रैक्टर में 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर दिए गए हैं, जो फुली कांस्टेंट मेश (Fully Constant Mesh) तकनीक और साइड शिफ्ट लीवर के साथ आते हैं। इसमें ड्यूल क्लच की सुविधा है, जो गियर बदलने की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाती है। इस ट्रैक्टर की अधिकतम फॉरवर्ड स्पीड लगभग 30 किमी प्रति घंटा है, जो हाईवे पर भारी ट्रॉली को तेजी से खींचने के लिए पर्याप्त है। साइड शिफ्ट गियर होने की वजह से ड्राइवर को काफी खुली जगह मिलती है, जिससे आरामदायक ड्राइविंग का अहसास मिलता है।
हाइड्रोलिक क्षमता और उपकरण संचालन
45 पावरमैक्स की वजन उठाने की क्षमता (हाइड्रोलिक लिफ्टिंग कैपेसिटी) 1800 किलोग्राम (1.8 टन) तक है, जबकि इस ट्रैक्टर में लगभग 43.3 HP की पीटीओ पावर मिलती है। यह दमदार संयोजन इसे रोटावेटर, कल्टीवेटर, एमबी प्लाऊ और अन्य भारी कृषि उपकरणों के संचालन के लिए उपयुक्त बनाता है। ट्रैक्टर में स्टैंडर्ड 540, मल्टी-स्पीड रिवर्स PTO (MRPTO) मिलती है जो विभिन्न कृषि यंत्रों को अधिक प्रभावी और सुचारू तरीके से चलाने में मदद करता है। इसका मजबूत EPI रियर एक्सल (बैकएंड) इसे भारी उपकरणों और कठिन कार्यों के लिए अधिक टिकाऊ और भरोसेमंद बनाता है। इस ट्रैक्टर में ऑटोमैटिक डेप्थ एंड ड्राफ्ट कंट्रोल (ADDC) हाइड्रोलिक्स है, जो जुताई और बुआई के दौरान मिट्टी की गहराई को स्वतः नियंत्रित करती है। इससे खेत में एकसमान कार्य होता है और फसल की गुणवत्ता व उत्पादकता बेहतर होती है।
आराम और सुरक्षा फीचर्स
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रैक्टर में मल्टी–प्लेट ऑयल इमर्स्ड ब्रेक्स (OIB), चौड़ा प्लेटफॉर्म और आरामदायक सीट दी गई है। पावर स्टीयरिंग के कारण लंबे समय तक काम करने पर भी चालक को कम थकान महसूस होती है। 14.9 इंच x 28 इंच के बड़े रियर टायर और 2145 MM का लंबा व्हीलबेस खेतों तथा सड़क दोनों जगह बेहतर स्थिरता प्रदान करते हैं। कंपनी ने इसमें 60 लीटर तक की क्षमता वाला बड़ा फ्यूल टैंक दिया है, ताकि आप लंबे समय तक बिना रुके काम करें।
कीमत और वारंटी
भारतीय बाजार में फार्मट्रैक 45 पावरमैक्स (Farmtrac 45 Powermaxx) की कीमत लगभग 6.86 लाख रुपए से 7.42 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) के बीच है, जो राज्य और वेरिएंट के अनुसार थोड़ी बदल भी सकती है। कंपनी इस पर 5 साल की लंबी वारंटी देती है। यदि आप इस ट्रैक्टर में निवेश करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने नजदीकी फार्मट्रैक डीलर पर जरूर जाएं और उपलब्ध लोन ऑफर, डीलर डिस्काउंट और मिलने वाली एक्सेसरीज (Accessories) से जुड़ी जानकारी के बारे में जानें।
निष्कर्ष: क्या यह ट्रैक्टर बेहतर विकल्प होगा?
फार्मट्रैक पावरमैक्स सीरीज का यह ट्रैक्टर उन किसानों के लिए एक परफेक्ट 'ऑलराउंडर' ट्रैक्टर है जो क्लासिक लुक और बजट में 50 HP की दमदार ताकत चाहते हैं। इसका बड़ा इंजन और हाई टॉर्क इसे हैवी-ड्यूटी कामों के लिए बेजोड़ बनाता है, जबकि इसका कम आरपीएम पर चलने वाला सिस्टम डीजल की बड़ी बचत प्रदान करता है। कमर्शियल ढुलाई और आधुनिक कृषि के लिए यह एक बेहद मूल्यवान (Value for Money) मशीन है। यदि आप 50 एचपी श्रेणी में एक ऐसा ट्रैक्टर तलाश रहे हैं जो दमदार पावर, बेहतर माइलेज, मजबूत हाइड्रोलिक्स और क्लासिक लुक के साथ आए तथा उसका रखरखाव लागत भी कम हो, तो फार्मट्रैक 45 Powermaxx एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।
Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page
सम्बंधित समाचार
इसे भी पढ़ें
संरक्षित खेती से किसानों का बढ़ेगा मुनाफा, सरकार दे रही 70% तक की सब्सिडी
UP Allots Land to 3 Firms for Tractor, Dry Fruit Units Near Yamuna Expressway
मानसून जुलाई 2025: किसानों को राहत या मुसीबत? जानिए पूरे देश का हाल