रबी सीजन में ट्रैक्टर खरीदने से पहले जरूर देखें ये 9 जरूरी फीचर्स
ट्रैक्टर खरीदने से पहले जानें 9 जरूरी बातें, रबी की खेती में आएंगी काम
भारतीय खेती चक्र में रबी का मौसम सबसे मुख्य मौसमों में से एक है। खरीफ फसलों की कटाई के बाद किसान गेहूं, सरसों, चना, मटर, जौ और मसूर जैसी रबी फसलों की बुवाई के लिए अपने खेत तैयार करते हैं। इस काम में ट्रैक्टर किसानों का समय और मेहनत बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
खेत की जुताई से लेकर बुवाई, कृषि उपकरण चलाने, खाद-बीज की ढुलाई और फसल कटाई के बाद के कामों तक ट्रैक्टर का इस्तेमाल होता है। ऐसे में ट्रैक्टर खरीदते समय सिर्फ हॉर्सपावर या कीमत देखना काफी नहीं है। इंजन की क्षमता, सिलेंडर संख्या, टॉर्क, डीजल खपत, हाइड्रोलिक लिफ्ट, ट्रांसमिशन, पीटीओ, ड्राइव वेरिएंट, आराम और सर्विस जैसी सुविधाएं भी ट्रैक्टर की उपयोगिता और खेती की लागत को प्रभावित करती हैं।
अगर आप इस रबी सीजन में नया या पुराना ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जमीन, फसल, कृषि उपकरण और बजट के अनुसार ट्रैक्टर चुनना जरूरी है। आइए जानते हैं कि किन जरूरी फीचर्स पर ध्यान देना चाहिए।
इन 9 फीचर्स को जरूर देखें
रबी सीजन में बुवाई के लिए खेत तैयार करने का समय बहुत कम मिलता है। किसान को मिट्टी तैयार करने से लेकर खाद, बीज और दूसरी कृषि सामग्री जुटाने तक कई जरूरी काम कम समय में पूरे करने पड़ते हैं। ऐसे में सही ट्रैक्टर का चुनाव खेती की लागत और काम पूरा करने में लगने वाले समय, दोनों पर असर डाल सकता है।
1. हॉर्सपावर के साथ इंजन की क्षमता देखें
खेत तैयार करने के लिए किसान रोटावेटर, कल्टीवेटर, MB प्लाऊ, डिस्क हैरो और सीड ड्रिल जैसे उपकरण चलाते हैं। इसके अलावा ट्रॉली से खाद, बीज और दूसरी सामग्री खेत तक ले जाने में भी ट्रैक्टर उपयोगी होता है। इसलिए सबसे पहले ट्रैक्टर की हॉर्सपावर (HP) देखी जाती है। हालांकि सिर्फ ज्यादा एचपी वाला ट्रैक्टर खरीदना जरूरी नहीं है। किसान को अपनी जमीन और कृषि कार्यों के अनुसार सही HP का ट्रैक्टर चुनना चाहिए। साथ ही इंजन क्षमता पर भी ध्यान देना चाहिए।
छोटे और मध्यम किसानों (1 से 2 हेक्टेयर तक जमीन) के लिए 30 से 40 HP रेंज के ट्रैक्टर कई सामान्य कामों में उपयोगी हो सकते हैं। वहीं ज्यादा जमीन या भारी उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले किसानों के लिए 45 HP ट्रैक्टर से 50 HP ट्रैक्टर , 70 HP ट्रैक्टर के अंदर या उससे ज्यादा क्षमता वाले ट्रैक्टर की जरूरत पड़ सकती है।
2. टॉर्क
ट्रैक्टर का सबसे अहम हिस्सा उसकी इंजन पावर और टॉर्क है। कठिन जमीन या भारी उपकरणों के साथ काम करते समय इंजन का अतिरिक्त बैकअप टॉर्क और मैक्सिमम टॉर्क कार्यक्षमता के लिए उपयोगी होता है। इंजन क्षमता और सिलेंडर संख्या यह तय करती है कि ट्रैक्टर अपनी श्रेणी में कितना टॉर्क (न्यूटन मीटर में) और पावर जनरेट करेगा। इसलिए रबी की खेती के लिए सिर्फ HP नहीं, बल्कि इंजन क्षमता, सिलेंडर संख्या और टॉर्क पर भी ध्यान दें। ज्यादा सिलेंडर संख्या से पावर और टॉर्क तो बढ़ता है, लेकिन ईंधन खर्च भी अपेक्षाकृत ज्यादा हो सकता है।
3. बेहतर माइलेज और कम डीजल खर्च
सीजन में जुताई, बुवाई और दूसरे भारी कामों के लिए ट्रैक्टर लगातार कई घंटे चल सकता है। ऐसे में डीजल की खपत किसान की खेती लागत का अहम हिस्सा बन सकती है। इसलिए इंजन की फ्यूल एफिशिएंसी और अलग-अलग कामों में उसके प्रदर्शन को समझना जरूरी है। किसान को यह देखना चाहिए कि ट्रैक्टर सही RPM पर काम करते हुए ईंधन का बेहतर इस्तेमाल करता है या नहीं।
हालांकि, वास्तविक डीजल खर्च मिट्टी, इस्तेमाल होने वाले उपकरण, काम की गहराई, लोड और ड्राइविंग कंडीशन के अनुसार बदल सकती है। इसलिए सिर्फ कंपनी या बाजार में बताए गए माइलेज के आधार पर फैसला करने के बजाय अपने वास्तविक खेती कामों को ध्यान में रखना बेहतर है।
4. हाइड्रोलिक क्षमता और लिफ्टिंग कैपेसिटी
रबी की खेती में कल्टीवेटर, रोटावेटर, सीड ड्रिल, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और पोटैटो प्लांटर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल होता है। ये उपकरण काफी भारी होते हैं, इसलिए इन्हें सही तरीके से उठाने और नियंत्रित करने के लिए ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक लिफ्ट क्षमता अहम होती है।
खरीदते समय देखें कि ट्रैक्टर की लिफ्टिंग कैपेसिटी कितनी है और क्या वह मौजूदा या भविष्य में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के लिए पर्याप्त है। हाइड्रोलिक प्रणाली की तकनीक पर भी ध्यान दें, क्योंकि सही हाइड्रोलिक प्रणाली उपकरणों के संचालन में सटीकता देने में अहम भूमिका निभाती है। अगर भविष्य में बड़े या भारी उपकरण इस्तेमाल करने की योजना है, तो लिफ्ट क्षमता पर पहले से ध्यान देना उपयोगी रहेगा।
5. ट्रांसमिशन और गियर विकल्प
फसलों की बुवाई के लिए खेत में अलग-अलग कामों में ट्रैक्टर की अलग-अलग स्पीड की जरूरत होती है। उदाहरण के लिए जुताई के दौरान कम गति और पर्याप्त टॉर्क चाहिए हो सकता है, जबकि ट्रॉली के साथ सड़क पर चलते समय अलग स्पीड उपयोगी होती है। इसलिए गियरबॉक्स और ट्रांसमिशन सिस्टम को नजरअंदाज न करें। पर्याप्त गियर विकल्प (जैसे 8F + 2R, 12F + 3R, 15F + 5R या 12Fx12R / 15Fx15R शटल टेक) से किसान काम के अनुसार उपयुक्त स्पीड चुन सकता है।
6. जरूरत के अनुसार 4WD का विकल्प
अगर भारी उपकरणों के साथ काम करना है या खेत की मिट्टी ऐसी है जहां अतिरिक्त ट्रैक्शन चाहिए, तो 4WD ट्रैक्टर पर विचार किया जा सकता है। 4WD सिस्टम में चारों पहियों को पावर मिलती है, जिससे कठिन परिस्थितियों में बेहतर ट्रैक्शन मिल सकता है। रोटावेटर, रिवर्सिबल MB प्लाऊ और दूसरे भारी उपकरणों के साथ काम करने वाले किसान अपनी जरूरत के अनुसार 4WD विकल्प देख सकते हैं।
हालांकि, 4WD ट्रैक्टर आमतौर पर 2WD ट्रैक्टर की तुलना में महंगे हो सकते हैं और उनका डीजल खर्च भी ज्यादा हो सकता है। इसलिए सिर्फ 4WD होने के कारण खरीदने के बजाय खेत की स्थिति, उपकरण, काम और बजट देखकर फैसला करें।
7. PTO की क्षमता भी देखें
पीटीओ (पावर टेक-ऑफ) ट्रैक्टर की इंजन पावर को कृषि उपकरण तक पहुंचाने का काम करता है। रोटावेटर, रीपर, थ्रेशर, वाटर पंप, बूम स्प्रेयर और दूसरे पीटीओ संचालित उपकरणों के लिए इसकी अहम भूमिका होती है। अगर किसान के पास पहले से कई उपकरण हैं या भविष्य में अलग-अलग PTO उपकरण खरीदने की योजना है, तो खरीदने से पहले ट्रैक्टर की PTO पावर और PTO स्पीड की जानकारी जरूर देखें। इससे समझ आएगा कि वह ट्रैक्टर मौजूदा उपकरणों के साथ कितना उपयुक्त रहेगा। ध्यान रखें कि ट्रैक्टर की पीटीओ पावर इंजन HP से कम होती है।
8. आरामदायक सीट और ड्राइविंग सुविधा
खेत की तैयारी में किसान को लगातार कई घंटे ट्रैक्टर चलाना पड़ सकता है, इसलिए ड्राइविंग कम्फर्ट भी अहम है। खरीदते समय एडजस्टेबल सीट, आसान गियर लीवर (साइड शिफ्ट), पावर स्टीयरिंग, ब्रेक पैडल, क्लच पैडल, हाइड्रोलिक लीवर और आरामदायक ड्राइविंग पोजीशन जैसे फीचर्स पर ध्यान दिया जा सकता है। साथ ही नए मॉडल में टेलीमैटिक्स, मोबाइल ऐप कनेक्टिविटी, ट्रैक्टर लोकेशन, सर्विस अलर्ट और मशीन की जानकारी जैसे फीचर्स मिलते हैं। इनसे किसान ट्रैक्टर की जानकारी आसानी से ट्रैक कर सकता है।
9. मेंटेनेंस, सर्विस और रीसेल वैल्यू
ट्रैक्टर खरीदने के बाद भी किसान का खर्च खत्म नहीं होता। नियमित सर्विस, डीजल, स्पेयर पार्ट्स और रखरखाव का खर्च लंबे समय में ट्रैक्टर की कुल लागत को प्रभावित करता है। इसलिए खरीदने से पहले अपने क्षेत्र में संबंधित ब्रांड के अधिकृत सर्विस सेंटर, स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता, वारंटी, सर्विस अंतराल और सामान्य मेंटेनेंस खर्च की जानकारी लेना जरूरी है। रीसेल वैल्यू भी अहम है। अगर भविष्य में ट्रैक्टर बदलने की योजना है, तो अपने क्षेत्र में किसी ब्रांड या मॉडल की मांग और पुराने ट्रैक्टरों की कीमत की जानकारी लेना उपयोगी हो सकता है।
बजट के हिसाब से सही ट्रैक्टर चुनना क्यों जरूरी?
ट्रैक्टर किसान के लिए बड़ा निवेश होता है, इसलिए सिर्फ एक्स-शोरूम कीमत देखना काफी नहीं है। डीजल, सर्विस, स्पेयर पार्ट्स, इंश्योरेंस, फाइनेंस की ब्याज लागत और कृषि उपकरणों पर होने वाले खर्च को भी ध्यान में रखें। जरूरत से ज्यादा पावर वाला ट्रैक्टर खरीदने पर शुरुआती निवेश और ऑपरेटिंग खर्च बढ़ सकता है, जबकि जरूरत से कम क्षमता वाला ट्रैक्टर भारी उपकरणों के साथ अपेक्षित काम नहीं कर पाएगा। इसलिए खेत के आकार, मिट्टी, फसल, उपकरण और बजट के हिसाब से ट्रैक्टर चुनना बेहतर रहेगा।
निष्कर्ष: रबी की खेती के लिए कैसा ट्रैक्टर खरीदें?
रबी फसलों की खेती में खेत की तैयारी और समय पर बुवाई का विशेष महत्व होता है। ऐसे में सही ट्रैक्टर किसान के कई कामों को आसान बना सकता है, लेकिन चुनते समय सिर्फ HP या कीमत को आधार बनाना सही नहीं है।
किसान को अपनी जमीन, रबी फसलों, इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बजट के अनुसार इंजन पावर, टॉर्क, डीजल खपत, हाइड्रोलिक लिफ्ट, ट्रांसमिशन, PTO, 2WD/4WD, ड्राइविंग कम्फर्ट और सर्विस नेटवर्क जैसे फीचर्स की जांच करनी चाहिए। खरीदने से पहले तय करें कि आपको ट्रैक्टर से कौन-कौन से काम लेने हैं। इसके बाद उन्हीं जरूरतों के हिसाब से मॉडल की तुलना करें, ताकि जरूरत के मुताबिक ट्रैक्टर चुनने और अनावश्यक खर्च से बचने में मदद मिल सके।
Website - TractorGuru.in
Instagram - TractorGuru Instagram Page
Facebook - TractorGuru Facebook Page
Check On Road Price
सम्बंधित समाचार
महिंद्रा नोवो 605 DI PS V1 vs मैसी फर्ग्यूसन 254 डायनास्मार्ट- 4WD ट्रैक्टर तुलना
इसे भी पढ़ें
बिहार में ट्रैक्टर समेत 86 कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, 30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
UP Allots Land to 3 Firms for Tractor, Dry Fruit Units Near Yamuna Expressway
मानसून जुलाई 2025: किसानों को राहत या मुसीबत? जानिए पूरे देश का हाल